कपूरथला , जून 19 -- पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य में आवारा पशुओं और पशु कल्याण से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही राज्य और जिला स्तर पर समर्पित हेल्पलाइन नंबर शुरू किये जाएंगे।
कपूरथला में नगर निगम आयुक्त अनुपम कलेर, अतिरिक्त उपायुक्त वरिंदर पाल सिंह बाजवा तथा अन्य अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कीमती भगत ने कहा कि पंजाब गौ सेवा आयोग राज्य भर में गोवंश की देखभाल, संरक्षण और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां जल्द ही इन हेल्पलाइन नंबरों का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं तथा पशु कल्याण से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायतों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा। गौशालाओं को मजबूत बनाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए श्री भगत ने बताया कि नगर निगम कपूरथला द्वारा गौ-सेस के रूप में 30 लाख रुपये एकत्र किये गये हैं, जिनका उपयोग गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कमालपुर गौशाला में जल्द ही दो नये शेड बनाये जाएंगे, जिससे इसकी क्षमता में वृद्धि होगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि आवारा पशुओं के बेहतर प्रबंधन और देखभाल को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गयी। इसी प्रकार की बैठकें पंजाब के सभी जिलों में की जा रही हैं ताकि प्रशासन, गौशालाओं और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके तथा आवारा पशुओं को समय रहते आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित