बैतूल , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सोनाघाटी क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में एक मादा चीतल शावक की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे राहगीरों ने कुत्तों को मृत चीतल को नोचते हुए देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

डिप्टी रेंजर जय टेकाम ने बताया कि टीम ने चीतल शावक को रेस्क्यू किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुत्तों के झुंड ने शावक को घेरकर हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। रेंजर अनुनेद्र शुक्ला के अनुसार मृत चीतल करीब एक वर्ष की मादा थी, जो संभवतः अपने झुंड से बिछड़कर आबादी वाले क्षेत्र में आ गई थी और कुत्तों के हमले का शिकार बन गई।

वन अधिकारियों ने बताया कि चीतल के शरीर पर गंभीर घाव पाए गए हैं, जिससे कुत्तों के हमले की पुष्टि हुई है। पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। विशेषज्ञों ने जंगल से सटे क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को वन्यजीवों के लिए खतरा बताया है और इस पर नियंत्रण की आवश्यकता जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित