पांढुर्णा , अगस्त 01 -- मध्यप्रदेश में विकासखंड के हरदौली गांव में शनिवार को एक आवारा कुत्ते ने अचानक चार लोगों पर हमला कर दिया जिससे एक चार वर्षीय मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुनंदाबाई चुकाने (50) पर कुत्ते ने अचानक हमला कर हाथ, पैर और कमर पर कई जगह काट लिया। गंभीर जख्म होने के कारण उन्हें तत्काल पांढुर्णा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके घावों पर करीब 10 टांके लगाए। चिकित्सकों ने उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन और अन्य आवश्यक उपचार दिया।

हमले में शालू उईके (40) शंकर कुमरे (38) और चार वर्षीय शुभम गजाम भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों ने सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन सहित आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई है।

घटना के बाद हरदौली गांव में लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर निकाय से आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित