मुरादाबाद , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में आलू उत्पादकों की बेहतर कीमत और सुचारु विपणन सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार सक्रिय कदम उठा रही है। इसी क्रम में उद्यान विभाग द्वारा मुरादाबाद में एक महत्वपूर्ण क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

उप निदेशक उद्यान, मुरादाबाद विनीत कुमार ने बुधवार को बताया कि निदेशालय उद्यान विभाग, लखनऊ के निर्देशानुसार यह सम्मेलन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात, उत्तर प्रदेश सरकार की अध्यक्षता में 13 मार्च को पूर्वाह्न 11:00 बजे सर्किट हाउस सभागार, मुरादाबाद में आयोजित होगा।

इस सम्मेलन में मुरादाबाद, बरेली, मेरठ और सहारनपुर मंडलों के अंतर्गत आने वाले मुरादाबाद समेत अमरोहा, बिजनौर, रामपुर, सम्भल, बरेली, बदायूँ, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मेरठ, बागपत, बुलन्दशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, शामली एवं मुजफ्फरनगर आदि 19 जनपदों के आलू उत्पादक किसान, विक्रेता, आलू व्यापारी/ट्रेडर्स, शीतगृह (कोल्ड स्टोरेज) स्वामी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी भाग लेंगे।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वर्तमान सत्र में उत्पादित आलू की उचित भंडारण, बाजार मूल्य निर्धारण और विपणन की व्यवस्था पर चर्चा करना है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा, साथ ही बाजार में स्थिरता आएगी और निर्यात की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा।

यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब प्रदेश के विभिन्न भागों में आलू उत्पादन अच्छा हुआ है, लेकिन बाजार में मूल्य उतार-चढ़ाव और भंडारण संबंधी चुनौतियों के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। राज्य सरकार द्वारा ऐसे सम्मेलनों के माध्यम से हितधारकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि किसान और संबंधित व्यापारी इस सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी कर अपनी समस्याएं रख सकते हैं तथा बेहतर रणनीति बना सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित