आलीराजपुर , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश में आलीराजपुर जिले के इटारा गांव में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का खुलासा कर 2040 पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में मुकाम चौहान और जगन को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को मुखबिर से ग्राम इटारा में गांजे की अवैध खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए ड्रोन के माध्यम से खेत की निगरानी कराई गई। जांच में सामने आया कि कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, करीब चार से पांच बीघा जमीन पर गांजे की खेती की जा रही थी। मौके से बरामद 2040 पौधों की उम्र लगभग तीन से चार महीने बताई गई है। इनका कुल वजन करीब 20 क्विंटल होने का अनुमान है। पुलिस ने पौधों को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है, ताकि अवैध खेती से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित