मुरादाबाद , अगस्त 4 -- आला हजरत उर्स मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने विशेष परिचालन व्यवस्था लागू की है। इसके तहत बरेली स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाया गया है, कुछ ट्रेनों को विशेष ठहराव दिया गया है, एक अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी चलाने तथा एक ट्रेन के मार्ग विस्तार और दूसरी के समय में परिवर्तन का निर्णय लिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि 6 से 8 अगस्त तक बरेली स्टेशन पर डाउन दिशा की गंगा-सतलुज एक्सप्रेस (13308), अर्चना एक्सप्रेस (12356), जम्मू तवी-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट (12470), जननायक एक्सप्रेस (15212), चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904), काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (15128), जनसेवा एक्सप्रेस (14618) तथा योग नगरी ऋषिकेश-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस (14230) का ठहराव समय दो मिनट से बढ़ाकर पांच मिनट कर दिया गया है।

इसी प्रकार अप दिशा की शहीद एक्सप्रेस (14673), सरयू-यमुना एक्सप्रेस (14649), जनसेवा एक्सप्रेस (14617), कोलकाता-अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस (12317), कोलकाता-नांगल डैम एक्सप्रेस (12325), गाड़ी संख्या 22551, जम्मू तवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस (12469) तथा गाड़ी संख्या 18103 का बरेली स्टेशन पर ठहराव समय भी बढ़ाकर पांच मिनट किया गया है।

उन्होंने बताया कि 6 से 8 अगस्त के बीच डाउन दिशा की गाड़ी संख्या 13258, 12238 और 12558 को बरेली स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। इसी अवधि में अप दिशा की गाड़ी संख्या 13257, 12237 और 12557 भी बरेली स्टेशन पर विशेष रूप से रुकेंगी।

श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 8 अगस्त को गाड़ी संख्या 04301 बरेली-सहारनपुर अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी चलाई जाएगी। यह ट्रेन शाम 4:45 बजे बरेली से रवाना होकर रामपुर, मुरादाबाद, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, लक्सर और रुड़की होते हुए रात 11 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।

रेलवे ने 8 अगस्त को गाड़ी संख्या 64176 (बरेली-रोजा) के मार्ग का विस्तार सीतापुर सिटी तक कर दिया है। यह ट्रेन रोजा से रात 10:05 बजे प्रस्थान कर बरतारा, उचौलिया, जंगबहादुरगंज, जहानीखेड़ा, मैगलगंज, नेरी, महोली और हेमपुर होते हुए रात 12:30 बजे सीतापुर सिटी पहुंचेगी। इसके अलावा, 8 अगस्त को गाड़ी संख्या 64177 (बरेली-मुरादाबाद) अपने निर्धारित समय दोपहर 2:40 बजे के बजाय एक घंटा पांच मिनट विलंब से अपराह्न 3:45 बजे प्रस्थान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित