जालंधर , अक्टूबर 12 -- पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' के तहत सोमवार को जालंधर जिले के गांव आलमपुर बक्का में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
उपायुक्त वरजीत वालिया के निर्देशों पर युवा सेवाएं विभाग के सहायक निदेशक रवि दारा के नेतृत्व में सेंट सोल्जर लॉ कॉलेज, जालंधर के रेड रिबन क्लब ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें गांववासियों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। रवि दारा ने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की लत के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति तथा पारिवारिक संबंधों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। उन्होंने लोगों से नशों की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास करने और अपने आसपास के लोगों, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में शामिल गांववासियों ने नशों के खात्मे के लिए प्रशासन और जिला पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने तथा नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित