अमृतसर , अक्टूबर 08 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब पातशाही दसवीं, आलमगीर के लंगर हाल में हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए गुरुवार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि गुरु के लंगर की सेवा वाले स्थान को निशाना बनाना बेहद गंभीर मामला है और ऐसी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब सिख संगत के लिए धार्मिक स्थल होने के साथ सेवा, सांझ और आस्था के केंद्र हैं। गुरु के लंगर की परंपरा बिना किसी भेदभाव के सेवा और समानता का संदेश देती है। ऐसे में लंगर हाल या गुरुद्वारा साहिब की इमारत को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कार्रवाई को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। एडवोकेट धामी ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा, गुरु के लंगर की सेवा और संगत की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एसजीपीसी के संबंधित सदस्य और गुरुद्वारा प्रबंधक को निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित