नैनीताल , मई 06 -- उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और ''रक्षक ही भक्षक'' बनते दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चम्पावत की इस घटना ने पूरे उत्तराखंड को शर्मसार कर दिया है। आरोप है कि 10वीं की छात्रा के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया, जिनमें एक सत्तारूढ़ दल से जुड़ा पदाधिकारी, एक पूर्व प्रधान और एक छात्र शामिल बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पीड़िता के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाकर रखा गया, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद किया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह मामला केवल एक बेटी के साथ अत्याचार नहीं बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि ''बेटी बचाओ'' जैसे नारों की वास्तविकता अब सामने आ रही है और यदि सत्ता से जुड़े लोग ही ऐसे मामलों में आरोपित होंगे तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाए। पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए तथा मामले में किसी भी प्रकार के राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश की जनता अब चुप नहीं बैठेगी और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित