बैतूल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को पाथाखेड़ा क्षेत्र से पकड़कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा फरार और आदतन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बैतूल के न्यायालय से अपराध क्रमांक 750/2017, धारा 25 आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी जितेन्द्र पिता जियालाल विश्वकर्मा (29) निवासी शास्त्री नगर, पाथाखेड़ा के खिलाफ 4 मई 2026 को स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने 10 जुलाई को उसे पाथाखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सारणी में मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके, प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह टेकाम, आरक्षक राकेश करपे, आरक्षक रविमोहन दरशिमा तथा सैनिक सुभाष रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित