नयी दिल्ली , मई 01 -- भारत यात्रा पर आये आर्मेनिया के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्र्यान ने शुक्रवार को यहां थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात के दौरान रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
सेना ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सेना ने कहा ,"आर्मेनिया के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्र्यान ने थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। बातचीत में वर्तमान भू-रणनीतिक स्थिति, भारत-आर्मेनिया रक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने, सैन्य सहभागिता का विस्तार करने और पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।"जनरल अस्र्यान ने इससे पहले वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह से भी मुलाकात की थी। दोनों अधिकारियों ने संचालन सहयोग बढ़ाने, पारस्परिक संचालन क्षमता को सुदृढ़ करना और द्विपक्षीय वायु शक्ति संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की थी।
उल्लेखनीय है कि आर्मेनिया भारतीय रक्षा प्रणालियों के सबसे बड़े विदेशी खरीदारों में से एक बनकर उभरा है, जिसमें दो अरब डॉलर से अधिक के अनुमानित अनुबंध हैं।आर्मेनिया ने भारत से पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर, आकाश-1एस सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली और स्वाति वेपन लोकेटिंग रडार की खरीद की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित