लखनऊ , मई 30 -- आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (ओटीसी) में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-257 का समापन शनिवार को भव्य परेड के साथ हुआ।
इस अवसर पर सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज के कमांडेंट, ओआईसी रिकॉर्ड्स तथा एएमसी के कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह, एवीएसएम ने ऐतिहासिक लेफ्टिनेंट जनरल पी.वी. रामचंद्रन ड्रिल स्क्वायर में नवनिर्मित मेहराबदार प्रवेश द्वार और समीक्षा मंच का उद्घाटन किया।
13 अप्रैल से 30 मई तक सात सप्ताह तक संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज के कमांडेंट मेजर जनरल विनोद कुमार पात्रा के मार्गदर्शन में किया गया। पाठ्यक्रम का उद्देश्य युवा सैन्य चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा अधिकारियों को युद्धकालीन चिकित्सा सहायता, नेतृत्व क्षमता और सैन्य दायित्वों के लिए तैयार करना था।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को उन्नत युद्धक्षेत्र चिकित्सा, आपातकालीन उपचार प्रणाली तथा आधुनिक युद्ध तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने एडवांस्ड ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (एटीएलएस) प्रोवाइडर कोर्स में भी भाग लिया। इस पाठ्यक्रम में तीनों सेनाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 125 अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 28 महिला अधिकारी भी शामिल थीं। समापन परेड का आयोजन सैन्य परंपराओं के अनुरूप किया गया, जिसकी समीक्षा लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह ने की।
पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पटियाला मिलिट्री अस्पताल के कैप्टन योगेश को सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी घोषित किया गया और उन्हें कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी प्रदान की गई। फील्ड स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए भी उन्हें मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह ने युवा अधिकारियों की अनुशासित प्रस्तुति और परेड के सफल संचालन की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने, अपने पेशेवर ज्ञान को निरंतर अद्यतन करने और सैनिकों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
समारोह में 200 से अधिक अभिभावक एवं परिजन उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम के साक्षी बने।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित