दरभंगा , अगस्त 21 -- लित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. एच. के. सिंह ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि उद्यमियों की सृजनात्मकता और नवाचार ने दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में आर्थिक एवं सामाजिक विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।विश्व उद्यमी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग में "आत्मनिर्भर भारत को गतिशीलता-उद्यमियों की भूमिका" विषय पर आयोजित बौद्धिक विमर्श को संबोधित करते हुए प्रो. सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की प्राप्ति तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए युवाओं को उपक्रम स्थापित करने, उनका सफल संचालन करने तथा रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में आगे आना होगा।उन्होंने छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि विश्व उद्यमी दिवस के अवसर पर कम से कम एक उद्यम स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए। ऐसा करके ही इस दिवस को मनाना सार्थक होगा।

वाणिज्य के सहायक प्राध्यापक एवं प्रबंध कार्यक्रम के उप निदेशक डॉ. दिवाकर झा ने विमर्श की विषय-वस्तु प्रस्तुत करते हुए अमेरिका को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में उद्यमियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता दरभंगा पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं शैक्षिक उद्यमी डॉ. विशाल गौरव ने बिहार, विशेषकर मिथिलांचल में उद्यमियों के समक्ष आने वाली बाधाओं तथा उनके समाधान के उपायों की विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उद्यमियों को सामाजिक स्वीकार्यता देने की आवश्यकता पर बल देते हुए उद्यमिता के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव की वकालत की।

अध्यक्षीय संबोधन में वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभागाध्यक्ष एवं निदेशक डॉ. राजकुमार साह ने सफल उद्यमी के गुणों का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से कर्मनिष्ठा, तत्परता और दूरदर्शी सोच के साथ उद्यमिता की राह पर आगे बढ़ने तथा समुदाय, राष्ट्र एवं विश्व पटल पर अपनी पहचान स्थापित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विभाग द्वारा आयोजित निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

डॉ. एस. के. ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन शोध अध्येता रजनीश कुमार चौधरी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित