रांची , मई 08 -- आर्ट ऑफ गिविंग झारखंड शाखा के अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, भारत सरकार, सुबोधकांत सहाय के मार्गदर्शन एवं महासचिव शेखर बोस के नेतृत्व में आगामी 17 मई को अंतर्राष्ट्रीय "आर्ट ऑफ गिविंग दिवस" के अवसर पर पूरे झारखंड राज्य के सभी जिलों में व्यापक सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रत्येक जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह पहल आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक प्रो० डॉ० अच्युत सामंत की प्रेरणादायी सोच पर आधारित है, जिसका उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता एवं मानवता की भावना को सुदृढ़ करना है। आर्ट ऑफ गिविंग झारखंड शाखा द्वारा पूर्व में भी राज्य के विभिन्न जिलों में अनेक सफल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे समाज में सकारात्मक संदेश एवं जन-जागरूकता का व्यापक प्रसार हुआ है।

17 मई को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के अंतर्गत वॉलीबॉल प्रदर्शनी मैच, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण, बच्चों को पेंसिल एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण, गरीब एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराना, निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर, रक्तदान शिविर तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

विशेष रूप से इस अवसर पर प्रत्येक जिले में आर्ट ऑफ गिविंग शाखा द्वारा ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। इसका उद्देश्य समाजसेवियों एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का उत्साहवर्धन करना तथा समाज में सेवा-भावना को बढ़ावा देना है।

आर्ट ऑफ गिविंग झारखंड शाखा के अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों, सचिवों एवं संबंधित क्लबों से अपील की है कि वे इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा अभियान से जोड़ें।

यह राज्यव्यापी आयोजन समाज में "देने की कला" की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित