भरतपुर , अप्रैल 27 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई कस्बे में 25 मार्च को सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चोपड़ा से करीब 60 लाख के आभूषणों की लूट के बाद उनकी हत्या के मामले में बदमाशों की गिरफ्तारी की माँग को लेकर सर्वसमाज के साथ पिछले चार दिन से अपने बच्चो के साथ धरने पर बैठी मृतक की पत्नी शालू चोपड़ा की सोमवार को धरनास्थल पर तबियत बिगड़ गयी।
प्राप्त जानकार के अनुसार भीषण गर्मी कड़कड़ाती धूप और मानसिक पीड़ा से आहत शालू चोपड़ा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। इससे धरनास्थल पर लोग आक्रोशित हो उठे। मौके पर तैनात डॉ. पवन गुप्ता के चिकित्सा दल टीम ने तुरंत उनकी जांच की और गंभीर हालत को देखते हुए 108 एम्बुलेंस से उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
उल्लेखनीय है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पूरे सर्व समाज और व्यापारिक वर्ग में भारी नाराजगी व्याप्त है। शालू चोपड़ा अपने पति के हत्यारों को सजा दिलाने की मांग पर अड़ी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित