नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को कहा कि आरोग्य मंदिर दिल्ली की बदलती हुई सरकार और स्वास्थ्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

श्री सूद ने आज यहां जनकपुरी सी-2 ब्लॉक में नए आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस आरोग्य मंदिर में स्थानीय नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध होंगी। यहां अब शुगर, हीमोग्लोबिन सहित कुल 13 प्रकार की जांच निःशुल्क की जा रही हैं। इसके साथ ही 108 आवश्यक दवाइयाँ मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। पहले जहाँ टीकाकरण केवल बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक सीमित था, अब हर नागरिक के लिए मुफ्त टीकाकरण सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिना लंच ब्रेक के खुला रहेगा ताकि लोगों को लगातार सेवाएँ मिल सकें।

श्री सूद ने कहा कि "प्रिवेंशन इज़ बेटर दैन क्योर" की भावना के तहत अब छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए जनकपुरी के निवासियों को बड़े अस्पतालों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सरकार दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल को भी पूर्ण रूप से सुसज्जित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि जनकपुरी, सी-ब्लॉक, ए-ब्लॉक, सी-4 ए, सी-4 बी, सी-4 सी, सी-4 डी, जी-एच सहित आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए आरोग्य मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है। आने वाले समय में महावीर एनक्लेव, मिलाप नगर और अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की सुविधाएँ शुरू की जाएँगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित