नयी दिल्ली , मई 20 -- फ़िल सॉल्ट इस सप्ताह के आख़िर में भारत लौटने वाले हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि वह उंगली की चोट के कारण एक महीने तक आईपीएल से बाहर रहने के बाद वापसी करेंगे।

इंग्लैंड और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सलामी बल्लेबाज़ सॉल्ट को 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ मैच में बाउंड्री बचाने की कोशिश करते समय बाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी। तब से वह कोई मैच नहीं खेले हैं और पिछले महीने अपनी उंगली ठीक होने के दौरान परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर लौट गए थे।

उनकी गैरमौज़ूदगी में आरसीबी ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है और अगर नेट रन रेट में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो टीम अगले मंगलवार धर्मशाला में क्वालिफ़ायर 1 में पहुंचने की मज़बूत दावेदार है। अभी यह साफ़ नहीं है कि सॉल्ट शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ आरसीबी के आख़िरी लीग मैच में खेल पाएंगे या नहीं, लेकिन प्लेऑफ़ इतने क़रीब होने की वजह से टीम कोई जोख़िम लेने के मूड में नहीं दिख रही।

सॉल्ट की जगह पिछले एक महीने से इंग्लैंड के उनके साथी खिलाड़ी जैकब बेथेल विराट कोहली के साथ ओपनिंग कर रहे थे, लेकिन वह ज़्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं। उन्होंने सात पारियों में 96 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सबसे बड़ा स्कोर 27 रहा। शुक्रवार को सॉल्ट उपलब्ध नहीं भी रहे, तब भी बेथेल की जगह खतरे में पड़ सकती है, क्योंकि वेंकटेश अय्यर ने रविवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ जीत में 73 रन बनाकर नाबाद पारी खेली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित