जयपुर , मई 05 -- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) एडहॉक कमेटी ने मंगलवार को जोधपुर में बरकतुल्लाह खान स्टेडियम का निरीक्षण किया।
समिति के संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव, सदस्य आशीष तिवाड़ी, अरिष्ट सिंघवी ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ जोधपुर के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
डॉ यादव ने बताया कि आरसीए की आगामी क्रिकेट प्रतियोगिताओं एवं बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 की राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में मैचों की मेजबानी के लिए स्टेडियम का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने के लिए आरसीए एडहॉक कमेटी ने स्टेडियम का दौरा किया।
इस दौरान एडहॉक कमेटी ने स्टेडियम के मुख्य मैदान, विकेट्स, साउथ एवं नॉर्थ ब्लॉक , पवेलियन , जिम्नेजियम , दर्शक दीर्घा , अन्य ब्लॉक व अकादमी की वर्तमान स्थिति का गहन निरीक्षण किया एवं सभी के सम्बद्ध में वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
डॉ यादव ने बताया कि कमेटी का प्रयास है कि शीघ्र स्टेडियम के सभी ब्लॉक, पवेलियन, मैदान को खेल के सभी मापदंडों के अनुसार विकसित कर खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराया जाए जिसके लिए एडहॉक कमेटी आरसीए के अनुभवी प्रशासकों, विशेषज्ञों सहित आरसीए स्टाफ को नियुक्त करेगी एवं उन्हें स्टेडियम की सभी अनावश्यक कमियों को दूर कर स्टेडियम को प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं मेजबानी के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
श्री तिवाड़ी ने बताया कि कमेटी बरकतुल्लाह खान स्टेडियम के मुख्य मैदान एवं विकेट्स को बीसीसीआई की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के मैचों की मेजबानी एवं आरसीए के घरेलू प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है जिसके लिए आरसीए के अनुभवी क्यूरेटर एवं ग्राउंड स्टाफ जोधपुर पहुंच स्टेडियम के विकेट्स एवं मैदान को आईपीएल एंव अंतर्राष्ट्रीय मैचों के समान ही तैयार करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित