जयपुर , मई 20 -- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) उच्च स्तरीय खेल मैदान एवं विकेट तैयार करने के लिए आरसीए पैनल के प्रशिक्षित क्यूरेटर एवं ग्राउंड स्टाफ के लिए सेमिनार एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेगी।

आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव के अनुसार आरसीए के तत्वावधान में आगामी 25 मई से राज्य के विभिन्न जिला केंद्रों पर खेली जाने वाली राज्य स्तरीय सीनियर कॉल्विन शील्ड क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाओं के साथ खेल मापदंड के अनुरूप विकसित खेल मैदान उपलब्ध कराने सहित प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ यादव ने बताया कि आरसीए एडहॉक कमेटी राज्य के प्रतिभावान खिलाडियों को बीसीसीआई के आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र की तैयारियों के लिए आरसीए की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उच्च स्तरीय विकेट एवं खेल मैदान पर अपना प्रदर्शन दिखने का अवसर प्रदान करना चाहती है उसी कड़ी में हमने सभी मैदानों के विकेट्स , खेल मैदान एवं मैदान में उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए प्रतियोगिताओं के लिए मैदानों के चयन को अंतिम रूप दिया है।

उन्होंने कहा कि आरसीए एडहॉक कमेटी समस्त जिला क्रिकेट संघ केंद्रों पर विकसित खेल मैदान व उच्च स्तरीय क्रिकेट विकेट्स को उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है और जल्द ही आरसीए पैनल के प्रशिक्षित क्यूरेटर एवं ग्राउंड स्टाफ को तैयार करने के लिए सेमिनार एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेंगे। आरसीए पैनल के क्यूरेटर एवं ग्राउंड स्टाफ सेमिनार के लिए इसके आरसीए के सभी जिला क्रिकेट संघों से आवदेन आमंत्रित किये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित