देवरिया , अक्टूबर 06 -- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) ने देवरिया में दो मासूमों को नया जीवन दिया है। पथरदेवा ब्लॉक में जन्मजात कटे होंठ और तालु (क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट) से पीड़ित दो बच्चों की सफल सर्जरी सरकारी मदद और स्माइल ट्रेन फाउंडेशन के सहयोग से गोरखपुर के सावित्री हॉस्पिटल में कराई गई।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां मंगलवार को बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात रंजन के नेतृत्व में आरबीएसके की दो टीमों ने इन बच्चों को चिह्नित किया था। पचुरुखिया गांव निवासी धनंजय कुमार की दो वर्षीय बेटी रिद्धि को टीम-बी ने एक जून को आंगनबाड़ी केंद्र पर स्क्रीनिंग के दौरान चिह्नित किया। टीम के सहयोग से बच्ची को सावित्री हॉस्पिटल, गोरखपुर भेजा गया। जहां एक जुलाई को उसकी सफल सर्जरी हुई। इसी तरह कोयरपट्टी निवासी दीपक कुमार के नौ माह के बेटे सौमिक को टीम-ए ने पीएचसी पथरदेवा में ओपीडी के दौरान चिह्नित किया। 27 जुलाई को उसे गोरखपुर भेजा गया और 17 सितंबर को उसकी सफल सर्जरी की गई।

सर्जरी के बाद दोनों बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। परिजनों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया है। डॉ.प्रभात रंजन ने बताया कि सर्जरी में डॉ. धनंजय कुमार, फार्मासिस्ट मनोज गुप्ता, इंजल आलम और एएनएम संजू देवी का विशेष सहयोग रहा।आरबीएसके नोडल अधिकारी डॉ. कार्तिकेय पांडेय ने बताया कि जिले के 16 ब्लॉकों में 32 आरबीएसके टीमें तैनात हैं। जो आंगनबाड़ी, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित