बैतूल , अप्रैल 9 -- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत हृदय रोग से पीड़ित 10 बच्चों को उपचार के लिए भोपाल रवाना किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि इन बच्चों की पहचान पूर्व में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के दौरान की गई थी, जिसके बाद उन्हें उन्नत उपचार के लिए रेफर किया गया।

उन्होंने बताया कि सभी बच्चों का इलाज और सर्जरी भोपाल के जे.के. हॉस्पिटल, चिरायु हॉस्पिटल और अनंत हॉस्पिटल में निःशुल्क किया जाएगा। यह सुविधा शासन की योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है।

बच्चों को लेकर जा रहे एम्बुलेंस वाहन को सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश घोरे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आरएमओ डॉ. रानू वर्मा और आरबीएसके मैनेजर योगेंद्र कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित