अजमेर , जून 18 -- राजस्थान में अजमेर में राज्य लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने 19 जून को कार्यकाल पूरा होने से पहले गुरुवार को अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां साझा कीं।

श्री साहू ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने 12 जून 2025 को पदभार संभाला था। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में विशेष कार्य पद्धति से काम करते हुए 14 हजार 536 पदों के लिए 16 बड़े भर्ती विज्ञापन जारी किये गये। इस दौरान 47 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के लिए 187 से अधिक परीक्षाएं करायी गयीं। सभी परीक्षाएं तय कैलेंडर पर हुईं।

उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी उपलब्धि भर्ती अनुशंषा को लेकर रही। जून 2025 से अब तक एक वर्ष में ही 10 हजार 220 अभ्यर्थियों का चयन अनुशंषा विभागों को भेजी गयी। जनवरी 2024 से अब तक कुल 16 हजार 218 अनुशंषाएं भेजी जा चुकी हैं।

परीक्षा प्रणाली की शुचिता पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि प्रश्न-पत्रों के लिए सात-स्तरीय सुरक्षा कवच लागू किया गया। हर अभ्यर्थी की सीट की वास्तविक समय वीडियोग्राफी करायी गयी। इससे सभी परीक्षाएं शून्य रिसाव के साथ संपन्न हुईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान 14 हजार 885 अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड साक्षात्कार लिए गए। प्रति दिन औसतन 60 साक्षात्कारों का नया कीर्तिमान बना। परिणाम के तुरंत बाद सफल अभ्यर्थियों के अंक वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की परंपरा शुरू की गयी।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा फिर से शुरू की गयी। आगामी 19 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चार ऑनलाइन परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। आयोग में 250 किलोवॉट का सौर संयंत्र लगा है। 807 लाख की लागत से नए ब्लॉक का निर्माण जारी है। 20 वर्ष से तहखाने में पानी भरने की समस्या का भी समाधान किया गया। कार्मिकों की पदोन्नति के लिए 666 डीपीसी करके 34 हजार 986 कर्मचारियों का रास्ता साफ किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित