बैतूल , मई 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल रेलवे स्टेशन पर चलती गोंडवाना एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई, लेकिन मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।

अधिकारियों के अनुसार यह घटना गुरुवार शाम करीब 4:38 बजे उस समय हुई, जब ट्रेन संख्या 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस बैतूल स्टेशन से रवाना हो रही थी। प्रमिला शर्मा (45) अपने परिवार के साथ रायपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही थीं। ट्रेन के ठहराव के दौरान वह पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरी थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन चलने लगी तो प्रमिला शर्मा ने जल्दबाजी में वापस कोच में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उनका हाथ कोच के हैंडल से छूट गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं।

प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ के प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह ने तत्काल दौड़कर महिला को बाहर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से कुछ ही सेकंड में संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के तुरंत बाद ट्रेन मैनेजर पी. के. दांगी ने वैक्यूम लगाकर ट्रेन को रोका। लगभग छह मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन शाम 4:46 बजे पुनः रवाना हुई।

महिला यात्री के पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई है, जबकि कुलवंत सिंह के घुटने और कोहनी पर हल्की चोटें आईं। घायल महिला को आरपीएफ के एएसआई मिश्रा की देखरेख में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने आरपीएफ जवान के साहस और तत्परता की सराहना की। यह घटना चलती ट्रेन में चढ़ने अथवा उतरने के खतरों को एक बार फिर रेखांकित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित