पंचकूला , जुलाई 19 -- पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की नई गवर्निंग बॉडी का चुनाव रविवार को पंचकूला स्थित रेड बिशप होटल में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एडवोकेट विनय यादव की देखरेख में हुई, जबकि पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के सहसचिव देवाकर ने पर्यवेक्षक के रूप में पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया।

निर्वाचन के बाद हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। अभिजीत सिंह को उपाध्यक्ष, पवन कुमार को महासचिव, एडवोकेट सचिन मलिक को सहसचिव तथा भीम सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। कार्यकारी सदस्यों में ज्योति कुमार, सुरेंद्र कुमार, राहुल सिंह, विमल यादव और नरसी राम को शामिल किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को अपना पहला कार्यालय मिला, जिससे संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि राव इंद्रजीत सिंह पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में भारतीय पैरा खेलों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित