पनिहाटी (पश्चिम बंगाल) , अप्रैल 24 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के भीतर 31 वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी चिकित्सक के साथ हुए बलात्कार और हत्या के लिए तृणमूल कांग्रेस के 'जंगलराज' को जिम्मेदार ठहराया है।
कोलकाता के उत्तर में स्थित पनिहाटी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने राज्य में महिलाओं के कथित शोषण के लिए पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला। पनिहाटी में चुनावी मैदान में पहुंचने से पहले श्री मोदी ने श्रीमती रत्ना देबनाथ के साथ एक रोड शो का नेतृत्व किया।
श्री मोदी ने रैली में आये लोगों से कहा, "जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया और जिसकी बेटी को तृणमूल के महा जंगलराज ने छीन लिया, भाजपा ने उसी मां को इस बार अपना उम्मीदवार बनाया है।"गुरुवार को पश्चिम बंगाल में हुए पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस में इस समय पूरी तरह बौखलाहट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित