कोलकाता , जून 18 -- आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस नेता तथा पानिहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष गुरुवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पेश हुए।
पूर्व मुख्य सचेतक घोष दोपहर से पहले कोलकाता के न्यू टाउन स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे। सीबीआई ने हाल के दिनों में नौ अगस्त, 2024 को हुई इस घटना की जांच तेज कर दी है। जांच एजेंसी के अधिकारी बुधवार को पानिहाटी स्थित श्मशान घाट पहुंचे थे। इसके बाद पूर्व विधायक घोष को पूछताछ के लिए तलब किया गया।
श्री घोष के पुत्र तीर्थंकर घोष ने कहा, "सीबीआई ने उन्हें फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। हम जांच में पूरा सहयोग करना चाहते हैं, इसलिए मेरे पिता वहां गये हैं।"पीड़िता के परिवार ने जांच को लेकर सबूत नष्ट किये जाने, लापरवाही बरतने और वास्तविक तथ्यों को छिपाने के आरोप लगाये हैं। परिवार का यह भी आरोप है कि दूसरे पोस्टमार्टम में बाधा डाली गयी और आवश्यक दस्तावेज सौंपे बिना जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच के तहत बुधवार को सीबीआई अधिकारियों ने पानिहाटी श्मशान घाट का दौरा कर जानकारी जुटाई। सूत्रों के अनुसार जांचकर्ता यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि चिकित्सक का शव श्मशान घाट लाए जाने के बाद क्या घटनाक्रम हुआ था और अंतिम संस्कार किस प्रकार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित