अलवर , मई 13 -- राजस्थान में अलवर में बुधवार में राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) को लेकर बुजुर्ग पेंशनर्स ने मिनी सचिवालय में चिकित्सा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।

पेंशनर्स मिनी सचिवालय के अंदर जाकर ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन अरावली विहार थाना पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद मौके पर माहौल गर्म हो गया और पेंशनर्स ने द्वार के बाहर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा अलवर के मधुसूदन शर्मा ने कहा कि आरजीएचएस योजना वर्ष 2021 में लागू की गई थी और पेंशनर्स के वेतन से कटौती भी की गई, लेकिन अब योजना के तहत इलाज और दवाइयों की सुविधाएं बंद होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण बुजुर्ग पेंशनर्स परेशान हो रहे हैं।

एक पेंशनर ने बताया कि पूर्व सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना वर्तमान समय में सही तरीके से संचालित नहीं हो रही है। आए दिन दवाइयां बंद कर दी जाती हैं और इलाज में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की एक ही मांग है कि आरजीएचएस योजना के तहत दवा और इलाज की सुविधाएं सुचारू रूप से चालू रखी जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित