जयपुर , अगस्त 19 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राज्य सरकार ने कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा निर्णय करते हुए राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में कैंसर उपचार के लिए अत्याधुनिक कार-टी सेल थेरेपी को अनुमत पैकेज में शामिल किया है।
इस निर्णय से पात्र आरजीएचएस लाभार्थियों को गंभीर रक्त कैंसर के उपचार की इस आधुनिक एवं महंगी चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। राज्य सरकार का यह निर्णय राजस्थान में आधुनिक कैंसर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आरजीएचएस योजना में कार टी सेल थेरेपी को अनुमत पैकेज में शामिल करना गंभीर रक्त कैंसर से पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित रोगियों को नया जीवन मिल सकेगा और संकट की घड़ी में उनके परिवार आर्थिक चिंता से मुक्त रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसी दिशा में आरजीएचएस को लगातार सुदृढ़, पारदर्शी एवं लाभार्थी-केंद्रित बनाया जा रहा है।
सरकार के इस निर्णय का लाभ आरजीएचएस के पात्र लाभार्थियों के साथ-साथ राजस्थान राज्य पेंशनर्स मेडिकल कन्सेशन स्कीम, 2021 के तहत चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने वाले पेंशनर्स को भी मिलेगा। इसके अतिरिक्त आरसीएस (एमए) रूल्स, 2013 के अनुसार आरजीएचएस के माध्यम से चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने वाले लाभार्थी भी इस व्यवस्था के दायरे में होंगे।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि कार-टी सेल थेरेपी के लिए अधिकतम 30 लाख रुपए तक का पैकेज स्वीकृत किया गया है। इसमें कार-टी सेल के निर्माण की लागत के लिए 26 लाख तथा सपोर्टिव केयर एवं संभावित जटिलताओं के प्रबंधन के लिए चार लाख रुपए तक की सीमा निर्धारित की गयी है। सपोर्टिव केयर एवं कॉम्प्लीकेशंस मैनेजमेंट में टोसिलीजुमेब, आईवीआईजी, अस्पताल में भर्ती तथा डिस्चार्ज के बाद 30 दिन की दवाइयां भी शामिल हैं। इससे पात्र लाभार्थियों को उपचार की अत्यधिक लागत से राहत मिलेगी और गंभीर बीमारी की स्थिति में आधुनिक कैंसर उपचार प्राप्त करने में सुगमता होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित