भीलवाड़ा , मई 12 -- राजस्थान में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के राज्यव्यापी आह्वान पर भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर राजस्थान राजकीय स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) की चिकित्सा सुविधाएं पुनः सुचारू रूप से प्रारंभ करवाने एवं योजना को बीमा पद्धति पर डालने के विरोध में मंगलवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आरजीएचएस योजना की सुविधाओं को लगातार सीमित किए जाने से लाखों कर्मचारी एवं पेंशनर्स उपचार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सरकार के उदासीन रवैए के कारण निजी अस्पतालों ने उपचार एवं दवाइयां देना बंद कर दिया है, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है और कर्मचारियों को मजबूर होकर अपनी जेब से मोटी रकम खर्च करके इलाज करवाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और चिकित्सा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरजीएचएस योजना को उसके पूर्व स्वरूप में तत्काल लागू करने की पुरजोर मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित