धार , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर थाने में पदस्थ आरक्षक धीरेंद्र चौहान की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरक्षक की पॉकेट डायरी में मिला आठ पन्नों का सुसाइड नोट जांच में अहम साक्ष्य बना है। इसमें महिला कविता ठाकुर पर परेशान और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरक्षक धीरेंद्र चौहान 21 अक्टूबर की रात नाइट ड्यूटी पर निर्धारित समय पर थाने नहीं पहुंचे थे। इसके बाद आरक्षक राहुल सरकारी क्वार्टर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर उन्होंने खिड़की से देखा तो धीरेंद्र फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि आरक्षक पूर्व में धरमपुरी थाने में पदस्थ थे, जहां उनकी पहचान कविता ठाकुर से हुई थी। आरोप है कि बाद में महिला और उसके सहयोगी आरक्षक पर पत्नी को छोड़कर कविता के साथ रहने तथा रुपये देने का दबाव बना रहे थे। साथ ही दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किए जाने का आरोप भी है। पुलिस ने कविता ठाकुर, रेवाराम बारिया और विशाल सोलंकी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

थाना प्रभारी राजेश यादव के अनुसार, बुधवार को कविता ठाकुर और रेवाराम बारिया को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी विशाल सोलंकी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में मामले की विवेचना थाना प्रभारी राजेश यादव और उनि प्रशांत पाल द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित