श्रीगंगानगर , अक्टूबर 02 -- राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) प्रमुख एवं सांसद हनुमान बेनीवाल के साथ महियावाली टोल प्लाजा पर सूरतगढ़-श्रीगंगानगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करने के एक दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चूनावढ़ थाने में आरएलपी के 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार रात आरएलपी समर्थकों ने टोल के पास धरना देकर करीब चार घंटे तक यातायात ठप रखा था। इसके तहत आरएलपी जिला प्रभारी सुशील सिहाग, नगर निकाय चुनाव प्रभारी विजयपाल बेनीवाल सहित 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार सूरतगढ़-श्रीगंगानगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करने के मामले में आरएलपी समर्थकों के खिलाफ चूनावढ़ थाने में मामला दर्ज हो चुका है। फिलहाल जांच जारी है।
मामले के अनुसार नरसिंहपुरा-मांझूवास-बारानी क्षेत्र में प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग को लेकर ग्रामीण करीब पांच महीने से आंदोलन कर रहे थे। बुधवार को नागौर सांसद और आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल भी पहुंचे। उन्होंने महापंचायत की और वह समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने निकले। महापंचायत के बाद बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे हनुमान बेनीवाल करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ श्रीगंगानगर कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। पुलिस ने महियांवाली टोल प्लाजा के पास चूनावढ़ थाना क्षेत्र में काफिले को रोक दिया। काफिला रुकते ही समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और टोल पर ही धरने पर बैठ गए। इससे सूरतगढ़-श्रीगंगानगर राष्ट्रीय राजमार्ग -62 पर वाहनों की आवाजाही करीब चार घंटे तक ठप रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित