जालंधर , अक्टूबर 14 -- भारतीय क्रांतिकारी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) के नेताओं ने पार्टी के पंजाब सचिव परगट सिंह जामाराए को बरनाला पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर थाने में बंद किए जाने की निंदा करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।

पार्टी के पंजाब राज्य कमेटी के अध्यक्ष रतन सिंह रंधावा, केंद्रीय कमेटी के सदस्य कुलवंत सिंह संधू, महीपाल, प्रो. जैपाल सिंह, अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सतनाम सिंह अज्नाला और ग्रामीण मजदूर सभा के अध्यक्ष दर्शन नाहर ने बुधवार को कहा कि परगट सिंह जामाराए मानसा में नशा विरोधी टास्क फोर्स के सदस्य परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर आयोजित साझा धरने में शामिल होने जा रहे थे।

नेताओं ने बरनाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की कि देश भगत यादगार, जालंधर के ट्रस्टी परगट सिंह जामाराए को तुरंत रिहा किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित