नयी दिल्ली , मई 07 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग(एनएचआरसी) ने झारखंड के देवघर जिले स्थित एक सुधार गृह में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव और देवघर के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।

मानवाधिकार आयोग ने दोनों अधिकारियों से दो सप्ताह में मामले की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया में प्रकाशित तथ्य सही हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है।

रिपोर्टों के अनुसार, देवघर जिले के चरखी पहाड़ी क्षेत्र स्थित सुधार गृह में गत दो मई को एक युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

आयोग ने इस बात पर भी चिंता जतायी कि इस साल पहली जनवरी से अब तक इस सुधार गृह में पांच कैदियों की मौत हो चुकी है। आयोग ने कहा कि लगातार हो रही इन घटनाओं से सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित