कोलकाता , जून 19 -- केन्द्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को कोलकाता में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 से पहले 'दौड़ से ध्यान 2026' मैराथन को हरी झंडी दिखाई। मंत्रालय के एक बयान में यह जानकारी दी गयी है।
श्री जाधव ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ मिलकर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) मुख्यालय से ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग तक दौड़ का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के बाद राइटर्स बिल्डिंग में योग और ध्यान सत्र आयोजित किया गया।
सरकार के 'स्वच्छता से स्वागत' कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना और साथ ही योग में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ,राज्य के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी इस योग सत्र में मौजूद थे।
मंत्रालय के अनुसार, इनमें मंत्री इंद्रनील खान, अग्निमित्रा पॉल और तापस रॉय, विधायक बिजोय ओझा, पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल और आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा शामिल थे।
इसके साथ ही कोलकाता में 11 जगहों पर दो किलोमीटर की 'योग दौड़' भी आयोजित की गई, जिनमें इलियट पार्क, ताला पार्क, सुभाष सरोवर, गोलपार्क में विवेकानंद पार्क और कस्बा में गीतांजलि स्टेडियम आदि शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित