नयी दिल्ली , जून 20 -- आयुष मंत्रालय ने 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग पर देशभर के लोगों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।

आयुष मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि यह आयोजन स्वास्थ्य, सद्भाव और भारत की प्राचीन योग परंपरा का वैश्विक उत्सव होगा। इस वर्ष का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित किया जायेगा।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि योग दिवस 2026 को जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्कृति मंत्रालय भी देश के 100 प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जिससे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और योग परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने और उत्साहपूर्वक भागीदारी करने का आग्रह किया।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों में दिल्ली के लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और पुराना किला सहित देशभर के अनेक ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम और अन्य राज्यों के प्रमुख सांस्कृतिक एवं विरासत स्थलों पर भी योग सत्र आयोजित किये जायेंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य भारत की सभ्यतागत धरोहर और योग की प्राचीन परंपरा के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करना है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी योग दिवस के अवसर पर 40 से अधिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कर्तव्य पथ, लोधी गार्डन, लाल किला, शांति पथ, टॉकटोरा गार्डन, संजय झील पार्क, रोहिणी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, द्वारका स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सीरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई सार्वजनिक स्थलों पर नागरिक योगाभ्यास कर सकेंगे।

आयुष मंत्रालय ने सभी नागरिकों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों से समय पर अपने निकटतम योग स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योग सत्र में शामिल होने तथा योग के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और कल्याण का संदेश दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित