पटना , अप्रैल 09 -- िहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुरुवार को कहा है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से ग्रामीण स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रखंड स्तर पर मासिक समन्वयात्मक समीक्षा बैठक आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, समस्याओं की पहचान और सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करना है।
श्री पांडेय ने कहा कि राज्य में संचालित 14,600 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के बेहतर संचालन के लिये प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने की योजना है, जिसमें सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एएनएम की उपस्थिति अनिवार्य होगी। बैठक में "समग्र रैंकिंग संकेतकों" के आधार पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी, जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर पोर्टल एवं स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली के तहत बाह्य रोगी सेवाएं , टेली-परामर्श, वेलनेस गतिविधियां, दवा एवं जांच की उपलब्धता तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मानकों का आकलन किया जाएगा।
श्री पांडेय ने कहा कि प्रत्येक बैठक के बाद उसकी कार्यवाही (बैठक विवरण) तैयार कर साझा की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यह योजना स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित