मुंबई , अक्टूबर 17 -- बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शरवरी अपनी आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के गरबा गीत 'जय अम्बे' के साथ रविवार को मुंबई में नवरात्रि उत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान दोनों कलाकार गरबा क्वीन फाल्गुनी पाठक के साथ मंच साझा करेंगे।

फिल्म के प्रमोशन के तहत आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम संगीत, नृत्य और नवरात्रि के उल्लास का संगम होगा। फाल्गुनी पाठक की गरबा नाइट्स में हर साल बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे में आयुष्मान और शरवरी के जुड़ने से उत्सव में बॉलीवुड का रंग भी देखने को मिलेगा।

फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के गरबा गीत 'जय अम्बे' को हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। अपने करियर में पहली बार उन्होंने गरबा गीत बनाया है। भक्ति और गरबा की ऊर्जा से भरपूर यह गाना नवरात्रि के उत्सवी माहौल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

राजश्री प्रोडक्शंस (प्रा.) लि. ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। सूरज बड़जात्या की पारिवारिक मनोरंजन शैली से जुड़ी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित