बैतूल , सितंबर 12 -- मध्यप्रदेश के दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया ने शनिवार को बैतूल में दिव्यांगजनों से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावासों में व्यवस्थागत कमियां सामने आने पर नाराजगी जताई।

इससे पहले आयुक्त डॉ. खेमरिया ने भारत-भारती में सक्षम संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन समारोह में सहभागिता की।

उन्होंने सबसे पहले जिला शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां छात्रावास के सामने जलभराव और शयन कक्ष में सीलन की स्थिति मिली। निरीक्षण के समय वार्डन और सहायक वार्डन भी छात्रावास में उपस्थित नहीं थे। बालिका छात्रावास की उपस्थिति पंजी के संधारण में भी गंभीर कमियां पाई गईं।

इसके बाद आयुक्त ने सामाजिक न्याय विभाग के प्रताप वार्ड स्थित अस्थिबाधित विद्यालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। अधीक्षक ने उन्हें छात्रावास की उपलब्धियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। आयुक्त ने कक्षा में अतिथि शिक्षक और विद्यार्थियों से अलग-अलग संवाद कर पढ़ाई, गतिविधियों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

आयुक्त ने समाजसेवी स्मिता राजावत द्वारा संचालित मीमांसा केयर फाउंडेशन का भी अवलोकन किया। यहां बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित 15 बच्चों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. खेमरिया ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक गतिविधियों की सराहना भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित