बुरहानपुर , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर-इच्छापुर राज्य मार्ग-27 पर शाहपुर के समीप आज सोमवार शाम तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे महाजन पेट्रोल पंप के पास भारी वाहन क्रमांक एमएच-04-एचवाई-3778 ने दो मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में काशीराम सदू बारेला निवासी जलगांव जामोद, हाल मुकाम दुट्टे का मलह, फोपनार रोड की मृत्यु हो गई, जबकि प्रताप पिता मानसिंह (35) निवासी बोरी धुलकोट घायल हो गया।

थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। मृतक के शव को शाहपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आयसर वाहन और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित