राजनांदगांव , सितंबर 03 -- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आयोजित कार्यशाला में व्यापारियों को आयकर नियमों और प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा उनकी कर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

जिले के स्टेशन रोड स्थित होटल पंचशील प्राइम में आयोजित कार्यशाला में आयकर अधिकारी प्रवीण डी. मेश्राम ने कहा कि व्यापारियों के लिए आयकर नियमों और उनमें होने वाले बदलावों की सही जानकारी रखना आवश्यक है। उन्होंने आयकर से जुड़े विभिन्न विषयों को सरल तरीके से समझाते हुए व्यापारियों के सवालों के जवाब दिए। कार्यशाला का उद्देश्य व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच संवाद एवं समन्वय को बेहतर बनाना भी रहा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश एच. लाल, हरीश सांखला, बृजकिशोर सुरजन, सीए राजेश बाफना, कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, कोषाध्यक्ष भावेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, हंसमुख भाई रायचा, सुरेंद्र गोयल और नेमीचंद देवगन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यशाला में सर्राफा, फल-सब्जी, राइस मिल, पोहा-मुरमुरा, होटल, किराना, रिटेल कपड़ा, मेडिकल, लघु उद्योग, दाल मिल, जनरल मर्चेंट, कॉपी-पुस्तक विक्रेता, पत्रकार, बस ऑपरेटर, कन्फेक्शनरी, टैक्स बार अधिवक्ता और सीए एसोसिएशन सहित जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस दौरान स्वदेशी जागरण मंच के राजकुमार शर्मा और अनिमेष राय ने कैट पदाधिकारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

आयोजन में प्रकाश कांकरिया, अशोक पांडे, संजय तेजवानी, रोहित मखीजा, अमित खंडेलवाल, राहुल जायसवाल और प्रतीक अग्रवाल सहित कैट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहयोग किया। संचालन कैट जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने किया और संजय तेजवानी ने आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित