कुशीनगर , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नवविवाहित दंपति के शव आम के पेड़ से फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार हनुमानगंज थाना क्षेत्र के जिंदा छपरा गांव निवासी दयानिधि भारती के पुत्र रितेश भारती (22) का खड्डा नगर के वार्ड संख्या-9 निवासी गोपाल शर्मा की पुत्री पूजा शर्मा (21) से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने करीब छह माह पूर्व कोर्ट मैरिज की थी, जिसके बाद पूजा रितेश के साथ उसके गांव में रह रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार विवाह के बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार को दोनों गांव के समीप छठ घाट के निकट स्थित आम के बाग में पहुंचे, जहां एक ही पेड़ की अलग-अलग डाल से दुपट्टे का फंदा बनाकर लटक गए। दोपहर में बाग की ओर गए ग्रामीणों ने दोनों के शव फंदे से लटके देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हनुमानगंज थानाध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
थानाध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित