चंडीगढ़ , फरवरी 23 -- चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली जब आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस का दामन थाम लिया। यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की एआईसीसी सचिव चेतन चौहान और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पंचकूला से विधायक चंद्रमोहन की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता पूर्व मेयर रहे प्रदीप छाबड़ा की धर्मपत्नी रितु छाबड़ा कुलदीप कुकी (धनास वार्ड), यशपाल कालिया (बापूधाम वार्ड) और हरजिंदर सिंह बावा प्रमुख रहे। इन नेताओं ने पार्टी में उपेक्षा और आंतरिक मतभेदों को शामिल होने का कारण बताया। उन्होंने कहा कि संगठन में सम्मान न मिलने और स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी से वे आहत थे।

नव-शामिल नेताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ कांग्रेस भवन पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित