जयपुर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए कथित बयान के विरोध में रविवार को जयपुर में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदेश महासचिव (संगठन) विश्वेन्द्र सिंह के नेतृत्व में इमली फाटक स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्री राठौड का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया और कथित बयान को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं को अपने बयानों में जिम्मेदारी, मर्यादा और राष्ट्रीय हितों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। देश की सुरक्षा, राष्ट्रीय हित और संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय विषयों पर किसी भी नेता की टिप्पणी तथ्यों एवं जिम्मेदारी के अनुरूप होनी चाहिए। ऐसे विषयों पर दिए गए बयानों को लेकर संबंधित नेताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल या नेता के विवादित बयान पर सवाल उठाना और उसका शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना जनता का अधिकार है। आम आदमी पार्टी हमेशा जनहित, राष्ट्रीय हित और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित