मुंबई , जुलाई 01 -- बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म लगान के 25 वर्ष पूरे होने पर इंडिया पोस्ट ने विशेष स्मारक कवर (कॉमेमोरेटिव कवर) और विशेष कैंसिलेशन जारी कर फिल्म को सम्मानित किया है।आमिर खान प्रोडक्शंस ने 25 वर्ष पहले फिल्म लगान के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म अपनी प्रभावशाली कहानी, दमदार अभिनय और देशभक्ति तथा एकजुटता के संदेश के कारण भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल है। फिल्म की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय डाक विभाग ने इसके सम्मान में विशेष स्मारक कवर और विशेष कैंसिलेशन जारी किया है।

'लगान' भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा और ऐतिहासिक फिल्मों में से एक है। इसे कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाया गया, जहां इसे समीक्षकों की खूब तारीफ मिली। इसके साथ ही, यह फिल्म ऑस्कर (बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म ) के लिए नॉमिनेट होने वाली तीसरी और अब तक की आखिरी भारतीय फिल्म बनी। भारत में भी इस फिल्म ने जबरदस्त सफलता हासिल की और 49वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में 'बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट' सहित कुल आठ पुरस्कार जीतकर भारतीय सिनेमा में एक मील के पत्थर के रूप में अपनी जगह पक्की की।

इस फिल्म में आमिर खान, ग्रेसी सिंह, रेचल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा, राजेंद्र गुप्ता, रघुवीर यादव, आदित्य लाखिया, यशपाल शर्मा और अमीन हाजी जैसे कई बेहतरीन कलाकारों की एक शानदार स्टारकास्ट शामिल थी। इसके अलावा, ए. आर. रहमान द्वारा कंपोज किए गए इसके कभी न भूलने वाले साउंडट्रैक ने दर्शकों को 'घनन घनन', 'मितवा', 'राधा कैसे ना जले' और 'ओ रे छोरी' जैसे सदाबहार गाने दिए जो हमेशा के लिए यादगार बन गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित