बारां , सितम्बर 27 -- राजस्थान में बारां जिले के अटरू ग्राम पंचायत चरड़ाना के ग्राम आमली में रविवार को विधायक राधेश्याम बैरवा ने करीब 95 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इनमें विद्यालय भवन, अतिरिक्त कक्ष एवं बरामदे और मुख्य सड़क से महादेव मंदिर तक सड़क निर्माण के कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आमली के भवन निर्माण के लिए राजस्थान विद्यालय शिक्षा परिषद एवं नाबार्ड के तहत 65 लाख रुपये स्वीकृत किये गये हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत दो कमरे मय बरामदा निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और विधायक कोष से पांच लाख रुपये के कार्य स्वीकृत हैं। इन कार्यों से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
इसके साथ ही मुख्य सड़क से महादेव मंदिर तक 15 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण का भी भूमि पूजन किया गया। सड़क निर्माण से ग्रामीणों के साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर श्री बैरवा ने कहा कि अटरू विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में शिक्षा, सड़क और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विकास कार्यों के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह रहा। ग्रामीणों ने शिक्षा और सड़क से जुड़े कार्यों की स्वीकृति पर विधायक का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित