बैतूल , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला नगर में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। घटना बंधा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जिससे क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार जनसेवा कल्याण समिति के सदस्य अमित यादव और बंटी मिश्रा जब उक्त क्षेत्र से गुजर रहे थे, तब उन्होंने बिजली के पोल के नीचे एक मोर को मृत अवस्था में देखा। पास जाकर देखने पर मोर के झुलसे होने से स्पष्ट हुआ कि उसकी मौत करंट लगने से हुई है।

घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी नानकराम कुशवाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोर की मौत करंट लगने और झुलसने से होना पाया गया है। विभाग ने शव का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया।

स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग से खुले तारों और ढीले केबलों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित