बैतूल , अक्टूबर 26 -- मध्य रेल के नागपुर मंडल के अंतर्गत आमला-छिंदवाड़ा रेलखंड पर स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली 'कवच 4.0' का स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इस प्रणाली का उद्देश्य निर्धारित गति सीमा से अधिक चलने और लाल सिग्नल पार करने जैसी स्थितियों में ट्रेनों को सुरक्षित रखना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 22 और 23 अक्टूबर को प्रणाली का परीक्षण किया गया। इस दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक होने पर स्वतः ब्रेक लगने तथा लाल सिग्नल पार करने की स्थिति में ट्रेन को रोकने वाली व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों प्रमुख सुरक्षा विशेषताओं के परीक्षण सफल रहे।

यह मूल्यांकन स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकन प्रतिनिधि की मौजूदगी में मध्य रेल मुख्यालय, मुंबई और नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में किया गया। रेलवे प्रशासन ने इसे रेलखंड में आधुनिक सुरक्षा तकनीक लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

रेलवे बोर्ड की योजना इस स्वदेशी तकनीक का अन्य महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर भी विस्तार करने की है। कवच प्रणाली से ट्रेन संचालन में मानवीय चूक के कारण होने वाले हादसों का जोखिम कम करने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित