बारां , मार्च 19 -- राजस्थान के ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने गुरुवार को राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास की सोच के साथ की गयी सभी घोषणाओं और जनकल्याणकारी योजनाओंका लाभ आमजन को समय पर मिले, इसके लिए सभी अधिकारी तत्परता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करें।

प्रभारी मंत्री देवासी ने मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में सभी विभाग को तत्परता के साथ बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को पूरा करने के प्रति संवेदनशील रहने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के विकास एवं आमजन के हित में की गयी बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध और शत-प्रतिशतपूरा करते हुए उपलब्धि प्राप्त की जाये।

बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़क, बिजली एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं के पर्यवेक्षण एवं समाधान, बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन और विभिन्न स्तरों पर जारी होने वाली स्वीकृतियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए जानकारी ली और आवश्यक निर्देश प्रदान किये।

श्री देवासी ने बैठक में आगामी ग्रीष्म काल के दौरान जिले में पेयजल की सुचारु आपूर्ति को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों को संवेदनशीलता केसाथ कार्य करने को कहा। साथ ही जिले में एलपीजी की उपलब्धता एवं वितरण के बारे में भी जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने बारां विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा के सुझावों के आधार पर अधिकारियों को विभागीय गतिविधियों में सामंजस्य और तेजी लाने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित