धार , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने मनावर क्षेत्र में कार्रवाई कर 20 पेटी शराब जब्त की है। इस मामले में फरार अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में तथा कंट्रोलर सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। आबकारी वृत्त मनावर की उप निरीक्षक एकता सोनकर और स्टाफ ने रणतालाब बयड़ीपुरा स्थित एक रहवासी मकान पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान मकान से 188.4 बल्क लीटर मदिरा बरामद हुई। इसमें सात पेटी देशी प्लेन मदिरा, छह पेटी गोवा व्हिस्की विदेशी मदिरा, चार पेटी माउंट 6000 बीयर और तीन पेटी लंदन प्राइड व्हिस्की शामिल हैं।

विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई में मनावर आबकारी वृत्त के कर्मचारी नारायण सिंह भवलकर, अमर बघेल और रोशनी कोठे का विशेष सहयोग रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित