गौतमबुद्धनगर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर में आबकारी नीति 2026-27 के अंतर्गत पंचम चरण की ई-लॉटरी प्रक्रिया शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में संपन्न कराई गई।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार को ई-लॉटरी आयोजन की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि, मदिरा दुकानों के ऑनलाइन आवंटन का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया।

इस दौरान अवस्थित देशी मदिरा की एक दुकान, नवसर्जित देशी मदिरा की पांच दुकानें, अव्यवस्थित मॉडल शॉप की तीन दुकानें तथा नवसर्जित दो मॉडल शॉप समेत कुल ग्यारह मदिरा दुकानों का ऑनलाइन आवंटन किया गया। प्रशासन का अनुमान है कि इन दुकानों के व्यवस्थापन से सरकार को लगभग पचास करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।

बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ई-लॉटरी प्रक्रिया के तहत देशी मदिरा की छह दुकानों के लिए कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि मॉडल शॉप की पांच दुकानों के लिए 117 आवेदन जमा किए गए। इस प्रकार कुल 360 आवेदनों के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि आवेदन शुल्क के रूप में ई-लॉटरी प्रक्रिया से लगभग 2.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऑनलाइन माध्यम से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, ताकि प्रतिभागी प्रक्रिया को सीधे देख सकें।

लॉटरी प्रक्रिया के दौरान नामित सहायक आबकारी आयुक्त मोहन मीकिंग, पुलिस विभाग द्वारा नामित अधिकारी तथा समस्त आबकारी निरीक्षक मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि आबकारी नीति के तहत आगामी चरणों की प्रक्रिया भी निर्धारित समय पर पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित